गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान Yogi Adityanath का एक बेहद मानवीय और स्नेहपूर्ण रूप देखने को मिला। आम जनता की समस्याएं सुनने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों से मुलाकात के दौरान न सिर्फ उनकी शिकायतें सुनीं, बल्कि साथ आए बच्चों से भी आत्मीय बातचीत कर माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान एक महिला अपनी समस्याएं लेकर पहुंची थीं। उनके साथ मौजूद बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए पूछा, “स्कूल जाते हो? तुम दोनों में बड़ा कौन है?” इसके बाद उन्होंने बच्चों को पास खड़ा कर उनकी लंबाई देखकर मजाकिया अंदाज में कहा, “देखो ये लंबा है।” मुख्यमंत्री की इस सहज बातचीत से वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
बच्चों के प्रति अपने विशेष स्नेह को दर्शाते हुए सीएम योगी ने उन्हें चॉकलेट भी भेंट की। यह दृश्य जनता दर्शन कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। मुख्यमंत्री का यह व्यवहार दर्शाता है कि वे सिर्फ प्रशासनिक समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आमजन विशेषकर बच्चों के प्रति भी संवेदनशीलता रखते हैं।
गोरखपुर में जनता दर्शन कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जहां वे सीधे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं। इस दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार लोगों के दिलों को छू गया।
सीएम योगी का यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग उनके सरल स्वभाव और बच्चों के प्रति अपनत्व की सराहना कर रहे हैं। जनता दर्शन का यह दृश्य प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदना का भी उदाहरण बन गया है।



