Gold Price Today: भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर में कमजोरी के चलते इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्प की ओर बढ़ते रुझान ने बुलियन मार्केट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।
शुक्रवार को एमसीएक्स गोल्ड जून फ्यूचर्स 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 1,52,589 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं एमसीएक्स सिल्वर जुलाई फ्यूचर्स में 1.34 प्रतिशत यानी 3,459 रुपये की तेज उछाल दर्ज हुई और यह 2,61,999 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 999 प्योरिटी वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,51,078 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि सप्ताह की शुरुआत में यह 1,48,357 रुपये था। यानी केवल एक सप्ताह में सोना 2,721 रुपये महंगा हो गया।
चांदी ने भी निवेशकों को चौंकाया। शुक्रवार को 999 प्योरिटी वाली चांदी 2,55,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोमवार को इसका भाव 2,44,237 रुपये था। इस तरह चांदी में एक हफ्ते में 11,363 रुपये की बड़ी तेजी दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीद, अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता ने सोने-चांदी की मांग को मजबूत किया। हालांकि अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों ने संकेत दिया है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकता है, फिर भी निवेशकों का भरोसा बुलियन पर कायम है।
बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और डॉलर की चाल के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।



