विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर अमरूद, हार्ट से लेकर पाचन और वजन तक देता है कई फायदे
अमरूद स्वाद में जितना लाजवाब होता है, सेहत के लिए उतना ही फायदेमंद भी माना जाता है। सर्दियों के मौसम में मिलने वाला यह फल पोषक तत्वों का खजाना है, इसी वजह से इसे “सुपरफूड” कहा जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, अगर रोजाना सिर्फ एक अमरूद खाया जाए, तो शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। विटामिन C, फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर अमरूद कई बीमारियों से बचाव में मदद करता है। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिमल छाजेड़ (MD) के अनुसार, अमरूद को अपनी डेली डाइट में शामिल करना एक आसान और सस्ता तरीका है सेहतमंद रहने का। आइए जानते हैं रोज एक अमरूद खाने से शरीर को क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं।
हार्ट को रखता है हेल्दी
अमरूद दिल की सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर, पोटैशियम और पॉलीसेकेराइड्स ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे हार्ट अटैक और अन्य हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है। डॉक्टरों का मानना है कि नियमित रूप से अमरूद खाने से दिल लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है।
पाचन तंत्र के लिए वरदान
अमरूद फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। जिन लोगों को कब्ज, गैस, अपच या पेट भारी रहने की समस्या रहती है, उनके लिए अमरूद बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। यह आंतों की सफाई में मदद करता है और गट हेल्थ को बेहतर बनाता है। पेट से जुड़ी कई समस्याओं में अमरूद का नियमित सेवन राहत दे सकता है।
वजन घटाने में मददगार
जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए अमरूद एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें कैलोरी कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। इससे ओवरईटिंग से बचाव होता है और वजन घटाने की प्रक्रिया में मदद मिलती है। डाइटिंग करने वालों के लिए अमरूद एक हेल्दी स्नैक की तरह काम कर सकता है।
डायबिटीज मरीजों के लिए फायदेमंद
अमरूद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिसकी वजह से यह ब्लड शुगर लेवल को तेजी से नहीं बढ़ाता। डॉक्टरों के अनुसार, सीमित मात्रा में अमरूद का सेवन डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद हो सकता है। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने में मदद करता है और शरीर को जरूरी पोषण भी देता है।
इम्यूनिटी को करता है मजबूत
अमरूद में संतरे से भी ज्यादा विटामिन C पाया जाता है। विटामिन C इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। सर्दियों में सर्दी-जुकाम और संक्रमण से बचाव के लिए अमरूद का सेवन काफी लाभकारी माना जाता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से भी बचाते हैं।
अमरूद की तासीर कैसी होती है?
अमरूद की तासीर ठंडी मानी जाती है। गर्मियों में इसका सेवन शरीर को ठंडक देता है, लेकिन सर्दियों में इसे खाने का सही समय और तरीका अपनाना जरूरी है। डॉक्टरों की सलाह है कि ठंड के मौसम में अमरूद रात में खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे सर्दी, खांसी या गले में खराश की समस्या हो सकती है। दिन के समय या दोपहर में अमरूद खाना ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है। रोजाना एक अमरूद खाने की आदत आपकी सेहत में बड़ा बदलाव ला सकती है। यह न सिर्फ दिल, पेट और वजन के लिए फायदेमंद है, बल्कि इम्यूनिटी को भी मजबूत करता है। हालांकि, किसी भी बीमारी या विशेष स्वास्थ्य स्थिति में डाइट बदलने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। सही समय और सीमित मात्रा में अमरूद का सेवन आपको स्वस्थ और फिट बनाए रखने में मदद कर सकता है।
यह भी पढ़े




