क्यों गुस्सा सिर्फ इमोशन नहीं, बल्कि हार्ट के लिए खतरा भी है
आजकल कई लोग छोटी-छोटी बातों पर जल्दी गुस्सा हो जाते हैं। अगर आप भी ऐसे हैं, तो यह सिर्फ आपकी मनोस्थिति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि आपके दिल के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल सकता है। हाल की रिसर्च में पाया गया है कि सिर्फ आठ मिनट का तीव्र गुस्सा भी हमारे शरीर की ब्लड वेसल्स (रक्त वाहिकाओं) की कार्यक्षमता पर असर डाल सकता है। इसका मतलब यह है कि गुस्सा केवल मानसिक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि शारीरिक खतरा भी बन सकता है।
अमेरिका में हुए अध्ययन की जानकारी
अमेरिका के विभिन्न संस्थानों के शोधकर्ताओं ने इस विषय पर 280 स्वस्थ वयस्कों पर एक अध्ययन किया। प्रतिभागियों को चार समूहों में बांटा गया। कुछ लोगों से कहा गया कि वे आठ मिनट तक किसी ऐसी घटना को याद करें जिसने उन्हें गुस्सा, चिंता या उदासी दी थी। एक समूह को तटस्थ बनाए रखने के लिए सिर्फ गिनती बोलने के लिए कहा गया। इसके बाद शोधकर्ताओं ने सभी प्रतिभागियों की ब्लड वेसल्स की क्षमता मापी, खासकर यह देखा कि उनके रक्त वाहिकाएं कितनी अच्छी तरह फैल सकती हैं।
अध्ययन के परिणाम
शोध से पता चला कि जिन लोगों ने गुस्सा वाली घटना को याद किया, उनमें ब्लड वेसल्स की फैलने की क्षमता में काफी गिरावट आई। वहीं, उदासी या चिंता महसूस करने वाले समूह में ऐसा कोई असर नहीं देखा गया। यह स्पष्ट करता है कि गुस्सा अन्य नकारात्मक भावनाओं से अलग और अधिक तीव्रता से दिल पर दबाव डालता है। जब हम गुस्सा महसूस करते हैं, तो शरीर में स्ट्रेस हार्मोन जैसे कोर्टिसोल और एड्रेनालिन बढ़ जाते हैं। ये हार्मोन धमनियों की भीतरी परत को संकुचित कर देते हैं, जिससे रक्त प्रवाह कम हो जाता है और रक्तचाप बढ़ सकता है। एक बार का गुस्सा स्थायी नुकसान नहीं करता, लेकिन बार-बार गुस्सा आने पर ब्लड वेसल्स को सामान्य होने का समय नहीं मिलता। समय के साथ, यह स्थिति प्लाक जमा होने, हार्ट अटैक या स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकती है।
गुस्से को नियंत्रित करने के तरीके
एक्सपर्ट का मानना है कि गुस्से को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। अगर आप अक्सर चिड़चिड़ा रहते हैं या छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाता है, तो कुछ सरल तरीके अपनाकर आप अपने दिल को सुरक्षित रख सकते हैं:
गहरी सांस लें: गुस्से के समय गहरी सांस लेने से शरीर का तनाव कम होता है और ब्लड प्रेशर नियंत्रण में रहता है।
नियमित व्यायाम करें: चलना, दौड़ना या हल्का व्यायाम हार्ट को मजबूत बनाता है और स्ट्रेस कम करता है।
योग और ध्यान: ध्यान और योग तकनीकें मानसिक शांति देने के साथ-साथ दिल की सेहत में भी सहायक होती हैं।
थेरैपी या काउंसलिंग: अगर गुस्सा अक्सर आता है, तो किसी काउंसलर या थेरैपिस्ट से बात करना फायदेमंद हो सकता है।
गुस्सा केवल मन की प्रतिक्रिया नहीं है, बल्कि यह आपके दिल और पूरे शरीर पर शारीरिक प्रभाव डाल सकता है। बार-बार गुस्सा आने पर आपके ब्लड वेसल्स को नुकसान हो सकता है, जो लंबे समय में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। इसलिए गुस्से को नियंत्रित करना और तनाव को मैनेज करना बेहद जरूरी है। याद रखें, छोटे बदलाव जैसे गहरी सांस लेना, नियमित एक्सरसाइज करना और योग या ध्यान का अभ्यास करना आपके दिल की सुरक्षा में बड़ा फर्क डाल सकते हैं। अगर जरूरत महसूस हो, तो विशेषज्ञ की सलाह लेना कभी भी गलत नहीं है।
Disclaimer: यह जानकारी शोध और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे मेडिकल सलाह के रूप में न लें। किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। TARANG VOICE इसका पुष्टि नहीं करता
यह भी पढ़े




