हर हार से मिलती है नई जीत की प्रेरणा – डॉ. पिचेश्वर गड्डे

फरीदाबाद स्थित लिंग्याज विद्यापीठ में वार्षिक स्पोर्ट्स वीक 2026 का भव्य शुभारंभ विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पिचेश्वर गड्डे द्वारा किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत व्हीलचेयर रेस से हुई, जिसने कार्यक्रम में जोश और ऊर्जा का संचार कर दिया। इस अनूठी पहल ने खेलों में समावेशिता और समान अवसर का संदेश भी दिया। मैदान में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और तालियों की गूंज से पूरा परिसर उत्साहित हो उठा।

खेल टीमवर्क और सकारात्मक सोच का प्रतीक

अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. गड्डे ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि टीमवर्क, अनुशासन और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हर टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना चाहिए। खेल में हार और जीत इसका एक हिस्सा है, लेकिन असली महत्व उत्कृष्ट प्रदर्शन और सीखने की भावना का है। उन्होंने यह भी कहा कि मोटिवेशन इस पूरी गतिविधि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खिलाड़ी को कभी भी अपने प्रदर्शन से पीछे नहीं हटना चाहिए, क्योंकि हर हार एक नई जीत की प्रेरणा देती है। उनका यह संदेश विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक और मार्गदर्शक साबित हुआ। उद्घाटन के अवसर पर डॉ. गड्डे ने शांति के प्रतीक के रूप में कबूतर उड़ाकर खेल सप्ताह की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने गेंद पर पहला प्रहार कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘चक दे इंडिया’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के इस समन्वय ने समारोह को विशेष बना दिया।

खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर

विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर मेजर जनरल डॉ. योगेश चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पैट्रन डॉ. एम.के. सोनी, डायरेक्टर भाविक कुचिपुड़ी, सीओओ प्रेम कुमार सलवान और रजिस्ट्रार सीमा बुशरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन फार्मेसी विभाग के छात्र यश और बीबीए की छात्रा खुशी ने किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस आयोजन में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ वॉर और रिले रेस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शारीरिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीम भावना प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय परिसर में खेल सप्ताह को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मैदानों में अभ्यास सत्र जारी हैं और प्रतिभागी अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरी तैयारी में जुटे हैं। स्पोर्ट्स वीक 2026 का यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का मंच है। शिक्षा के साथ-साथ खेलों को महत्व देकर लिंग्याज विद्यापीठ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

यह भी पढ़े

https://www.tarangvoice.com/indias-defeat-in-the-super-8-increases-troubles-road-to-the-semifinals-now-difficult/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here