साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda ने 26 फरवरी को उदयपुर में बेहद निजी समारोह में शादी की थी। इस खास मौके पर सिर्फ परिवार के करीबी लोग और कुछ चुनिंदा दोस्त ही शामिल हुए थे। अब इस शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।
इन तस्वीरों में दूल्हा-दुल्हन की खुशी साफ झलक रही है। खास बात यह है कि इन झलकियों में विजय की मां माधवी और रश्मिका के बीच की प्यारी बॉन्डिंग भी लोगों का ध्यान खींच रही है। सास-बहू के इस रिश्ते में अपनापन और स्नेह साफ नजर आ रहा है, जिसे देखकर फैंस काफी खुश हैं।
शादी में शामिल हुईं शिल्पा वेनेपल्ली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई खास पलों की तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में रश्मिका ‘पेल्ली कुतुरु’ यानी दुल्हन बनने की रस्म के दौरान भूरे रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही हैं। उनके चेहरे की मुस्कान उनकी खुशी को साफ बयां कर रही है।
एक खास तस्वीर में विजय की मां माधवी, मेहंदी की रस्म के दौरान रश्मिका को खानदानी सोने की चूड़ियां तोहफे में देती नजर आ रही हैं। यह पल बेहद भावुक और खास है, जिसे देखकर फैंस सास-बहू के इस रिश्ते की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
तस्वीरों में यह भी दिख रहा है कि रश्मिका अपने नए परिवार के साथ काफी सहज नजर आ रही हैं। वह सिर्फ पारंपरिक भारी साड़ियों में ही नहीं, बल्कि घर के माहौल में घुल-मिलकर हंसी-मजाक करती भी दिखीं। एक तस्वीर में वह सिल्क के पजामे में परिवार के साथ हंसते-बोलते नजर आती हैं, जो उनके सहज स्वभाव को दर्शाता है।
हल्दी की रस्म की झलकियां भी सामने आई हैं, जहां पूरा परिवार खुशी के रंग में रंगा नजर आता है। सभी एक-दूसरे को हल्दी लगाते हुए जश्न मना रहे हैं, जिससे शादी का माहौल और भी खास बन गया।
वहीं दूल्हे राजा विजय देवरकोंडा भी अपनी रस्मों में काफी जंच रहे थे। ‘पेल्ली कोडुकु’ यानी दूल्हे की रस्म के दौरान वह सफेद कुर्ता-पजामा और सिर पर पगड़ी पहने नजर आए। एक अन्य तस्वीर में वह भूरे रंग के कुर्ते में अपनी मां और दोस्तों के साथ मुस्कुराते हुए पोज देते दिखाई दे रहे हैं।
उदयपुर में हुई इस प्राइवेट वेडिंग की ये खूबसूरत तस्वीरें अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस अपनी पसंदीदा जोड़ी को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।



