प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो शुरू

अयोध्या आज एक बार फिर इतिहास के स्वर्णाक्षरों में अपना नाम दर्ज कर रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। साकेत कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रधानमंत्री का रोड शो शुरू हुआ। रामपथ के दोनों ओर हजारों की भीड़ उत्साह और श्रद्धा से प्रधानमंत्री का अभिवादन करती दिखाई दी। हाथों में जय श्रीराम के नारों के साथ, शहर का हर कोना भक्ति और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए जगदगुरु आदि शंकराचार्य द्वार से राम मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। पूरा मार्ग फूलमालाओं, दीपों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित है, जिससे माहौल दिव्य और ऐतिहासिक बना हुआ है।

ध्वजारोहण 2025 : अबिजीत मुहूर्त में होगा विशेष अनुष्ठान

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर आज जिस ध्वज का आरोहण होना है, वह अनेक धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का संगम है। भगवा ध्वज पर चमकते सूर्य का चिन्ह, कोविदारा वृक्ष का चित्र और ‘ॐ’ का पवित्र मंत्र अंकित है। यह ध्वज रामायणकालीन परंपराओं की प्रेरणा पर तैयार किया गया है और अयोध्या की आध्यात्मिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है।

ध्वजारोहण विवाह पंचमी के अबिजीत मुहूर्त में होगा, जिसे अत्यंत शुभ और मंगलकारी माना जाता है। देशभर के साधु-संत और आम श्रद्धालु इस क्षण का साक्षी बनने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं।

साकेत कॉलेज हेलीपैड पर हुआ पीएम का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा साकेत कॉलेज में बने विशेष हेलीपैड पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की।

पूरे परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एसपीजी, एनएसजी और एटीएस की टीमें तैनात रहीं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

अयोध्या में उत्सव जैसा माहौल

ध्वजारोहण और पीएम मोदी के आगमन के अवसर पर अयोध्या को नई नववधू की तरह सजाया गया है। चौक-चौराहों पर फूलों की सुंदर सजावट, दीपों की कतारें और रंग-बिरंगी रोशनियां शहर की भव्यता को बढ़ा रही हैं। श्रद्धालु रामभक्ति में डूबे दिखाई दे रहे हैं कहीं रामधुन पर झूमते लोग, तो कहीं भजन-कीर्तन में लीन साधक।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धुनें, ढोल-नगाड़ों की आवाजें और जय श्रीराम के नारे पूरे वातावरण को पावन बना रहे हैं। सरयू तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद

ध्वजारोहण समारोह के दौरान आयोजित भंडारे में हजारों भक्तों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सहयोग से सुबह, दोपहर और रात्रि में भोजन परोसा जा रहा है। लगभग 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार किया गया है, जबकि प्रशासन के लिए 5,000 पैकेट बांटे जा रहे हैं। यह व्यवस्था प्रतिदिन जारी रहेगी।

अतिथियों का आगमन और स्वागत

देशभर से आए विशिष्ट अतिथि राम मंदिर में निर्धारित मार्गों से प्रवेश कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया जा रहा है। संत समुदाय का कहना है कि यह अवसर केवल धार्मिक नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति व आस्था का अद्वितीय संगम है।

राम मंदिर ध्वजारोहण 2025 केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक एकता, सांस्कृतिक गर्व और सदियों की आस्था का साकार रूप है। अयोध्या आज फिर उस गौरव को जी रही है, जिसका इंतजार लाखों-करोड़ों लोगों ने वर्षों तक किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here