जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर की नाबाद पारियों से आई ऐतिहासिक जीत, सचिन, रोहित, गंभीर समेत दिग्गजों ने दी प्रतिक्रिया

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। डी.वाई. पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई में खेले गए इस महत्त्वपूर्ण मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 339 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल किया और फाइनल में अपनी तीसरी जगह पक्की कर ली। यह जीत इसलिए और खास थी क्योंकि ऑस्ट्रेलिया 7 बार की विश्व विजेता रही है और किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि भारतीय टीम उन्हें हरा पाएगी।

जेमिमा रोड्रिग्स की धमाकेदार पारी

मैच की कहानी जेमिमा रोड्रिग्स की नाबाद 127 रनों की शानदार पारी रही। उन्होंने 134 गेंदों में अपने शॉट्स से विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह परेशान किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिससे दोनों की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनके आक्रामक और संयमित खेल ने टीम इंडिया को जीत की राह दिखाई।

दिग्गजों की प्रतिक्रिया

इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों ने सोशल मीडिया के माध्यम से टीम की जमकर सराहना की। सचिन तेंदुलकर ने जेमिमा और हरमनप्रीत की तारीफ करते हुए लिखा, “शानदार जीत! जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर, आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिए बहुत अच्छा किया। श्री चरणी और दीप्ति शर्मा, आपने गेंदबाजी से खेल को जिंदा रखा। तिरंगे को ऊंचा फहराते रहो।”

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस जीत को भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते स्तर का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा, “लड़कियों का अविश्वसनीय प्रदर्शन.. पिछले 5 सालों में वे कितनी अच्छी हो गई हैं, एक और मैच बाकी है, बस शानदार खेल।”

रोहित शर्मा ने भी टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीम की तस्वीर साझा की और लिखा, “टीम इंडिया, बहुत अच्छा किया।”

महत्वपूर्ण विश्लेषण

यह मैच महिला क्रिकेट में सबसे बड़े रन चेज़ में से एक माना जा रहा है। भारतीय टीम ने न केवल दबाव में शानदार खेल दिखाया बल्कि फाइनल में पहुंचकर देशवासियों को गर्व का अनुभव कराया। जेमिमा और हरमनप्रीत की यह साझेदारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन सकती है।

उम्मीद और उत्साह

अब भारतीय महिला टीम फाइनल में अपने सफर को और आगे बढ़ाएगी। इस जीत ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह और उम्मीद की नई लहर पैदा कर दी है। दिग्गजों की तारीफ और सोशल मीडिया पर प्रशंसाओं का बाढ़ ने यह साबित कर दिया कि भारतीय महिला क्रिकेट ने अब विश्व स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here