अंबेडकरनगरः तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव का समापन; आतिशबाजी के साथ हुआ भव्य समापन
अंबेडकरनगर जिले में आयोजित तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव का देर रात भव्य समापन हो गया। इस महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शास्त्रीय संगीत और सम्मान समारोह का खास आयोजन किया गया। पूरा महोत्सव MLC हरिओम पांडेय और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दोनों अधिकारी पूरे तीन दिनों तक कार्यक्रम में तैनात रहे और हर गतिविधि की बारीकी से निगरानी की।
महोत्सव के अंतिम दिन पावन तमसा तट पर तमसा आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कला प्रेमियों का खूब मन मोहा।आरती के बाद सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका रश्मि मालवीय जोश ने अपनी शास्त्रीय बंदिशों से पूरा वातावरण संगीतमय कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई और परंपरा का अनुभव कराया।

इसके बाद कला क्षेत्र फाउंडेशन के कलाकारों ने दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए भरतनाट्यम, कथकली, कुचीपुड़ी, मोहिनीअट्टम और अन्य शैलियों की जुगलबंदी पेश की। नृत्य की मुद्राओं और ताल-लय के समन्वय ने दर्शकों को दक्षिण भारतीय लोक और शास्त्रीय नृत्य परंपराओं से करीब से परिचित कराया।कार्यक्रम की अगली कड़ी में संस्कृति विभाग के कलाकार अमित दीक्षित ‘राम जी’ (लखनऊ) और उनकी टीम ने “सियाराम एक दिव्य गाथा” नामक रामलीला का मंचन किया। इस प्रस्तुति में भगवान श्रीराम के आदर्शों के साथ-साथ महात्मा श्रवण कुमार जी की मातृ-पितृ भक्ति को बहुत ही भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया।
महोत्सव का समापन श्रवण धाम के त्रिवेणी संगम पर आतिशबाजी के साथ हुआ। इस अवसर पर MLC हरिओम पांडेय और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के युवा कवि अभय सिंह निर्भीक को ‘श्रावणधाम गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया।
ये तीन दिवसीय महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और कला का अनोखा संगम साबित हुआ। स्थानीय लोगों से लेकर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इसे यादगार बताया।
यह भी पढ़े




