ICC T20I रैंकिंग में ईशान किशन ने लगाई 32 पायदान की छलांग, रैंकिंग जारी पहले पायदान पर अभिषेक शर्मा
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। 4 फरवरी 2026 को जारी ICC पुरुष T20I बल्लेबाज़ी रैंकिंग में ईशान किशन ने 32 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 32वां स्थान हासिल किया है। करीब दो साल से अधिक समय बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने इस सीरीज़ में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि चयनकर्ताओं से लेकर क्रिकेट फैंस तक सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
चार पारियों में 215 रन, स्ट्राइक रेट 231 से ऊपर
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की T20I सीरीज़ में ईशान किशन ने 4 पारियों में कुल 215 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 231.18 रहा, जो किसी भी बल्लेबाज़ के लिए असाधारण माना जाता है। सीरीज़ की शुरुआत में भले ही वह पहले मैच में केवल 8 रन ही बना पाए, लेकिन इसके बाद उन्होंने जबरदस्त लय पकड़ी और लगातार आक्रामक बल्लेबाज़ी की।
तिरुवनंतपुरम में पहला T20I शतक
ईशान किशन के इस शानदार अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण रहा तिरुवनंतपुरम में लगाया गया उनका पहला T20I शतक। पांचवें T20I में उन्होंने मात्र 42 गेंदों में शतक जड़ते हुए 103 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इस पारी के दम पर भारत ने सीरीज़ 4-1 से अपने नाम की और ईशान किशन को उस मुकाबले का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज़ों का दबदबा
ताज़ा ICC रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज़ों का दबदबा साफ तौर पर दिखाई देता है। अभिषेक शर्मा 917 अंकों के साथ T20I बल्लेबाज़ी रैंकिंग में नंबर-1 बने हुए हैं। तिलक वर्मा 766 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। सूर्यकुमार यादव एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुँच गए हैं। वहीं ईशान किशन 584 रेटिंग अंकों के साथ 32वें स्थान पर काबिज़ हो गए हैं।
वर्ल्ड कप से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाली वापसी
यह ICC रैंकिंग अपडेट 2026 T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले जारी की गई अंतिम रैंकिंग है, जो 7 फरवरी 2026 से शुरू हो रहा है। ऐसे में ईशान किशन की यह वापसी भारतीय टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। लगातार आक्रामक प्रदर्शन और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता के साथ ईशान किशन ने यह साफ कर दिया है कि वह बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यह भी पढ़े
https://www.tarangvoice.com/february-5-history-major-events-in-india-and-the-world/




