अंबेडकरनगर जिले में ऐतिहासिक बदलाव किया जाएगा। कई जगहों के नाम बदलने का प्रस्ताव नगरपालिका की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पास हो गया। अकबरपुर नगर क्षेत्र अब लोहिया नगर के नाम से जाना जाएगा, वहीं संघतिया तिराहा का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा।
अकबरपुर नगरपालिका में महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक हुई। अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभासदों और चेयरमैन ने सर्वसम्मति से कई जगहों के नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया। सबसे प्रमुख प्रस्ताव रहा कि पूरा अकबरपुर नगर क्षेत्र अब डॉ. राम मनोहर लोहिया के नाम पर ‘लोहिया नगर’ के नाम से जाना जाएगा।
इसी तरह संघतिया तिराहे का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ‘अटल बिहारी वाजपेयी तिराहा’ रखने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास हुआ। बैठक में मौजूद सभी सभासदों ने इस बदलाव का समर्थन किया और कहा कि यह नाम बदलाव सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और विकास के प्रतीकों को सम्मान देने का काम करेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रस्ताव स्थानीय लोगों की भावनाओं और महान व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। नाम बदलने की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से राज्य सरकार को भेजी जाएगी। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, बोर्ड और साइनेज पर नए नाम लागू कर दिए जाएंगे।
ये फैसला अंबडेकरनगर में सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोग इस बदलाव से खुश नजर आ रहे हैं और इसे स्वागत योग्य बता रहे हैं।
अंबेडकरनगर में अकबरपुर अब ‘लोहिया नगर’ और संघतिया तिराहा ‘अटल बिहारी वाजपेयी तिराहा’ बनेगा। नगरपालिका बोर्ड का ये प्रस्ताव इतिहास और सम्मान का अनोखा संगम है।
ये भी पढ़े https://www.tarangvoice.com/history-of-january-18-important-events-in-india-and-the-world/

