लखनऊ। Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotion Board (UPPRPB) ने गुरुवार, 7 मई 2026 को यूपी पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस भर्ती परीक्षा में कुल 12,333 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही बोर्ड ने श्रेणीवार कटऑफ अंक भी सार्वजनिक कर दिए हैं, जिसमें पुरुष सामान्य वर्ग की कटऑफ 400 में से 369.87854 तक पहुंच गई है।
यह लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था और रिजल्ट का लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को अब बड़ी राहत मिली है।
बोर्ड द्वारा जारी कटऑफ के अनुसार पुरुष वर्ग में अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ सबसे अधिक रही। वहीं महिला वर्ग में भी सामान्य वर्ग की कटऑफ 360 अंकों से ऊपर पहुंची है।
पुरुष वर्ग कटऑफ
– अनारक्षित (General): 369.87854
– EWS: 364.41142
– ओबीसी (OBC): 364.56024
– अनुसूचित जाति (SC): 350.91474
– अनुसूचित जनजाति (ST): 334.65475
महिला वर्ग कटऑफ
– अनारक्षित (General): 360.50336
– EWS: 353.22001
– ओबीसी (OBC): 353.76545
– अनुसूचित जाति (SC): 337.94120
– अनुसूचित जनजाति (ST): 306.91905
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की ओर से कुल 20 प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। विषय विशेषज्ञों की जांच के बाद बोर्ड ने 8 प्रश्नों के उत्तर गलत पाए। इसके बाद नियमानुसार उन प्रश्नों के अंक सभी अभ्यर्थियों को समान रूप से प्रदान किए गए।
अभ्यर्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से चेक कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
यूपी पुलिस दारोगा भर्ती को राज्य की बड़ी भर्तियों में माना जाता है। अब लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आगे की प्रक्रिया से जुड़े अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।


